Location: Garhwa
जीएन कॉन्वेंट स्कूल में जूनियर विंग के छात्रों ने किया शानदार प्रदर्शन, कविता, चित्रकला और प्रदर्शनी रहीं खास आकर्षण
गढ़वा: जीएन कॉन्वेंट स्कूल के जूनियर विंग में सोमवार को ‘मैंगो डे’ का आयोजन हर्षोल्लास और रचनात्मकता के साथ किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल बच्चों को आम के स्वाद से जोड़ना था, बल्कि इसके महत्व, विरासत और संरक्षण के प्रति भी जागरूक करना था।
कार्यक्रम की शुरुआत आम से जुड़ी प्रतियोगिताओं, चित्रकला और प्रदर्शनी के साथ हुई, जिसमें बच्चों ने अपने रचनात्मक कौशल का प्रदर्शन किया। आम की विभिन्न किस्मों, जैसे दशहरी, लंगड़ा, केसर, अल्फांसो और बीजू से जुड़ी जानकारी बच्चों को दी गई।
बच्चों के लिए खास तौर पर कविता के माध्यम से आम के महत्व को समझाया गया –
आया मौसम आम का, मीठे स्वाद के नाम का।
पीला पक्का रसीला आम, सब फलों में सबसे शान।
निदेशक ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आम केवल एक फल नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। भारत न केवल आम का सबसे बड़ा उत्पादक देश है, बल्कि यह हमारा राष्ट्रीय फल भी है। मैंगो डे हमें इस फल के संरक्षण और संवर्धन की प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं – शिवांश केसरी, वेदांश केसरी, मिस्टी गुप्ता, प्रिंस ठाकुर, आंचल केसरी, श्रेया शीतल को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी बच्चों को मीठे और रसीले आमों का स्वाद भी चखाया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उपप्राचार्य बसंत ठाकुर, संतोष प्रसाद, कृष्ण कुमार, वीरेंद्र शाह, सरिता दुबे, नीरा शर्मा, शिवानी कुमारी, नेहा केसरी, सुनीता कुमारी, रागिनी कुमारी, पूजा प्रकाश, विकास कुमार और दिनेश कुमार की भूमिका सराहनीय रही।















