Location: चिनियां
गढ़वा : जिले के चिनियां थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरका गांव में बीती रात जंगली हाथी ने दो ग्रामीणों को कुचलकर मौत के घाट उतार दिया। यह घटना रात लगभग 11:30 बजे की है, जिससे पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है। मृतकों की पहचान प्रमिला देवी (40 वर्ष) और सुधीर सोरेंग (35 वर्ष) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्रमिला देवी अपने प्रवासी पति से मोबाइल पर बात करने के लिए घर से कुछ दूर निकली थीं, तभी एक जंगली हाथी ने अचानक हमला कर दिया। प्रमिला देवी जान बचाने के लिए भागने लगीं, लेकिन हाथी ने उन्हें लपककर कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
वहीं, पास के घर में सो रहे सुधीर सोरेंग को जब अपने कटहल के पेड़ में हलचल महसूस हुई, तो वे बाहर निकले। वहां पहले से मौजूद हाथी ने उन पर भी हमला कर दिया और कुचलकर मार डाला।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम छा गया है। सुबह होते ही आक्रोशित ग्रामीण बड़ी संख्या में शवों के पास इकट्ठा हो गए और वन विभाग की घोर लापरवाही पर नाराजगी जताई। ग्रामीणों ने साफ कर दिया कि जब तक वरीय वन अधिकारी मौके पर नहीं आते, वे शवों को उठाने नहीं देंगे।
हालांकि, चिनिया थाना प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ सुबह ही घटनास्थल पर पहुंच गए और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन वन विभाग का कोई अधिकारी अब तक नहीं पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों का गुस्सा और भी बढ़ गया है।
गौरतलब है कि पिछले छह महीनों में चिरका गांव में हाथियों के हमले में यह पांचवीं मौत है। इससे पहले भी गांव में जंगली हाथियों के हमलों को लेकर गांव वालों ने चिनिया चौक पर जाम लगाकर विरोध किया था, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।














