Location: Garhwa
गढ़वा को मिलेगा विकास का नया मार्ग, गडकरी करेंगे नेशनल हाईवे का उद्घाटन गढ़वा : भारत सरकार के सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के आगामी गढ़वा आगमन एवं 3 जुलाई (गुरुवार) को होने वाले नेशनल हाईवे-75 के उद्घाटन समारोह को लेकर सोमवार को गढ़वा में भाजपा द्वारा एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई।
यह प्रेस वार्ता भाजपा नेता मुकेश निरंजन सिन्हा के आवास पर जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो की अध्यक्षता में संपन्न हुई, जिसमें जिले के वरिष्ठ भाजपा नेता, कार्यकर्ता और पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अलखनाथ पांडेय ने कहा कि नितिन गडकरी का दौरा गढ़वा जिले के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। वह एक ईमानदार और संकल्पित नेता हैं, जिन्होंने 2014 से अब तक देश में सड़क निर्माण के क्षेत्र में क्रांतिकारी परिवर्तन किए हैं। उनके आगमन से गढ़वा को विकास की नई दिशा मिलेगी।”
उन्होंने इस परियोजना में पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम के योगदान की भी सराहना करते हुए कहा कि “उनके निरंतर प्रयास और संकल्प के कारण ही NH-75 का निर्माण संभव हुआ है।”
जिला अध्यक्ष ठाकुर प्रसाद महतो ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि “3 जुलाई को आयोजित उद्घाटन समारोह में अधिक से अधिक संख्या में लोग भाग लें और इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें। गढ़वा अब आधुनिक बुनियादी ढांचे की दृष्टि से राष्ट्रीय नक्शे पर अपनी अहम पहचान बनाएगा।”
वरिष्ठ भाजपा नेता मुकेश निरंजन सिन्हा ने नितिन गडकरी को “विकास पुरुष” की संज्ञा देते हुए कहा कि “उनके नेतृत्व में देश में आधारभूत संरचनाओं का तेज विकास हुआ है। यह दौरा गढ़वा में व्यापार, रोजगार और संपर्क के नए द्वार खोलेगा।”
भाजपा नेता ओमप्रकाश तिवारी ने कहा कि “NH-75 का निर्माण आसान नहीं था। कई अड़चनें और विरोध सामने आए, लेकिन भाजपा की इच्छाशक्ति और गडकरी जी की नेतृत्व क्षमता ने इस परियोजना को साकार किया।”
बैठक में कार्यक्रम के सफल संचालन, जनसंपर्क की रणनीति और अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
इस मौके पर कन्हैया चौबे, अरविंद तूफानी, डॉ .पतंजलि केसरी, अरविंद पांडे, संजय ठाकुर समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।














