Location: Garhwa
गढ़वा जिला मुख्यालय से महज 3 किलोमीटर दूर औनर किलिंग का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। सदर थाना क्षेत्र के शोह गांव स्थित लाल माटी टोला में गुरुवार को परिजनों ने एक किशोरी को गांव के ही एक युवक के साथ देख लिया। इसी बात से नाराज परिजनों ने किशोरी की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उसकी ही मौत हो गई।
मामले को छिपाने के लिए परिजनों ने कुछ ग्रामीणों की मदद से किशोरी के शव को गुप्त रूप से जलाने की कोशिश की। शव को गांव के श्मशान घाट ले जाकर चिता में आग भी लगा दी, लेकिन इसी बीच मिली सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने जलती चिता से शव निकालकर अपने कब्जे में ले लिया।
पुलिस को देखकर कई ग्रामीण और परिजन मौके से भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर मृतका के पिता सुदेश और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया। दाहसंस्कार में शामिल चार अन्य ग्रामीणों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
एसडीपीओ नीरज कुमार ने कहा कि मामला प्रारंभिक दृष्टि से ऑनर किलिंग का प्रतीत होता है। उन्होंने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और सबूत मिटाने की कोशिश बेहद गंभीर अपराध है। घटना में शामिल सभी लोगों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।











