Location: Garhwa
गढ़वा: आगामी 3 जुलाई को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के गढ़वा आगमन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। गढ़वा जिले के गोवावल क्षेत्र के हुर गांव में उनका स्वागत व उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसको लेकर जिला प्रशासन व भाजपा नेताओं की सक्रियता बढ़ गई है।
गडकरी का यह दौरा गढ़वा के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, क्योंकि उनके हाथों संखा–खजूरी–गढ़वा बाईपास फोरलेन मार्ग का औपचारिक उद्घाटन होगा। यह मार्ग सांसद विष्णु दयाल राम और गढ़वा विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी की निरंतर पहल और केंद्र से समन्वय का परिणाम है, जिससे क्षेत्रीय विकास को गति मिली है।
तैयारियों का जायजा लेने के लिए सड़क परिवहन सुरक्षा समिति के सदस्य रवींद्र नाथ तिवारी, भाजपा जिला महामंत्री संतोष दुबे और भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष उमेश कश्यप ने स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय कार्यकर्ताओं और अधिकारियों के साथ मिलकर कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की।
गढ़वा वासियों को इस दौरे से कई विकासात्मक घोषणाओं की उम्मीद है, खासकर सड़क नेटवर्क, परिवहन सुविधा और औद्योगिक संपर्कों को लेकर।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि सत्येंद्र तिवारी, लक्ष्मी पांडे, पुलस्त तिवारी, रामा शंकर यादव, प्रवीण तिवारी, राजू चौबे, चंदन कुमार समेत कई स्थानीय नेता मौजूद रहे।















