Location: केतार
गढ़वा: केतार थाना क्षेत्र के परती कुशवानी पंचायत अंतर्गत बातोंकला नौकहा गांव में सोमवार को हल्की बारिश के दौरान हुए वज्रपात में आधा दर्जन दुधारू एवं अन्य मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृत सभी मवेशी गांव के गरीब किसान गरीबा राम के बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, वज्रपात की घटना से किसान गरीबा राम को भारी आर्थिक क्षति हुई है। पशुपालन ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन था। एक साथ आधा दर्जन मवेशियों की मौत से परिवार पर संकट गहरा गया है। घटना के बाद पीड़ित किसान और उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी घटना को लेकर शोक का माहौल है।
घटना की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने पशु चिकित्सा विभाग और केतार थाना को दे दी है। पशु चिकित्सक डॉ. सत्येंद्र नारायण सिंह को मृत पशुओं के पोस्टमार्टम एवं विभागीय प्रक्रिया पूरी कराने के लिए सूचना दी गई है। वहीं पुलिस प्रशासन को भी दूरभाष के माध्यम से घटना की जानकारी देकर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित किसान को प्राकृतिक आपदा के तहत शीघ्र उचित मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की है, ताकि उन्हें आर्थिक संकट से कुछ राहत मिल सके।











