Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि: कांडी प्रखंड क्षेत्र में ईद-उल-फितर का त्योहार शनिवार को पूरे उत्साह, उल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कांडी ईदगाह एवं पतीला ईदगाह में बड़ी संख्या में नमाजियों ने एकत्र होकर ईद की नमाज अदा की।
कांडी ईदगाह में हाफिज अब्दुल मजीद खान ने नमाज अदा कराई। नमाज के बाद अपने संबोधन में उन्होंने आपसी प्रेम, भाईचारा और समाज में शांति बनाए रखने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि ईद का पर्व हमें एक-दूसरे के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना सिखाता है।
नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। इस दौरान बच्चों और युवाओं में खासा उत्साह देखा गया। नए वस्त्र पहनकर बच्चे ईदी लेने और पर्व का आनंद लेने में व्यस्त रहे।
ईद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। ईदगाहों के आसपास सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, जिससे पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।











