Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि): कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित कांडी बाजार की करीब 4 एकड़ 84 डिसमिल सरकारी भूमि को जल्द ही अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। इस संबंध में अंचलाधिकारी राकेश सहाय ने जानकारी देते हुए बताया कि इस भूमि पर वर्षों से अवैध कब्जा किया गया है, जिसे हटाने की प्रक्रिया अब तेज कर दी गई है।
अंचलाधिकारी ने बताया कि राजस्व कर्मचारी और अंचल अमीन को निर्देशित किया गया है कि चिन्हित भूमि को जल्द से जल्द खाली कराया जाए। इसके अलावा मुख्य सड़क से कांडी थाना तक दोनों तरफ के अतिक्रमण को भी हटाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि 24 घंटे के भीतर अतिक्रमणकारी अपना झोपड़ी, ठेला, टेंट या अन्य सामान खुद हटा लें, अन्यथा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी और सामान को ध्वस्त कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि बाजार की सरकारी भूमि उपलब्ध होने के बावजूद, साप्ताहिक बाजार शुक्रवार को सड़क किनारे ही लगाया जाता है, जिससे आवागमन बाधित होता है और आम लोग परेशान रहते हैं। अंचलाधिकारी द्वारा इस दिशा में की गई पहल से स्थानीय लोगों में हर्ष की लहर है। लोगों ने प्रशासनिक कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि इससे बाजार की व्यवस्था सुधरेगी और सड़क जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।














