प्रस्तावित प्रखंड क्षेत्र के छह पंचायतों के ग्रामीण वर्षों से कर रहे हैं मांग
गढ़वा : जिले के मेराल प्रखंड से अलग ओखरगाड़ा को नया प्रखंड बनाने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इसी क्रम में झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री व झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर ने शनिवार को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उन्हें इस संबंध में ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में श्री ठाकुर ने कहा कि मेराल प्रखंड के ओखरगाड़ा पूर्वी एवं पश्चिमी, अरंगी, बिकताम, चेचरिया और खोरीडीह पंचायतों के ग्रामीण वर्षों से ओखरगाड़ा को नया प्रखंड बनाए जाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि ओखरगाड़ा से मेराल प्रखंड मुख्यालय की दूरी लगभग 30 किलोमीटर है, जिसके कारण स्थानीय लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने, अंचल और प्रखंड कार्यालय तक पहुंचने में अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
श्री ठाकुर ने ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया कि पहले भी उन्होंने इस विषय को सरकार के समक्ष रखा है और ग्रामीणों की लगातार होती मांग को देखते हुए अब इसे जनहित में अविलंब स्वीकृति देने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि इन छह पंचायतों को मिलाकर ओखरगाड़ा को नया प्रखंड बनाया जाता है, तो इससे प्रशासनिक कार्यों की सुगमता के साथ-साथ सरकार की योजनाओं का समुचित लाभ भी लोगों को मिल सकेगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ज्ञापन प्राप्त करने के बाद सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।














