Location: Garhwa
गढ़वा : समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय भूमिका निभा रही ‘टीम दिल का दौलत’ ने शनिवार को एक दिन में 6 यूनिट रक्तदान कर नया रिकॉर्ड कायम किया। इस उपलब्धि ने न केवल सेवा भावना को जीवंत किया, बल्कि समाज को जागरूकता और समर्पण का संदेश भी दिया।
A+, B+, O+ और AB+ रक्त समूह के 6 जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्तदान करने वालों में प्रशांत पाठक, मनु गुप्ता, विशु राज, इंद्रजीत कुमार, राहुल सोनी और नूर आलम शामिल रहे। ये सभी रक्तदाता न केवल समय पर अस्पताल पहुंचे बल्कि सक्रिय भागीदारी से मरीजों को नई जिंदगी देने में सफल रहे।
टीम संयोजक दौलत सोनी ने इसे टीम की मानवीय प्रतिबद्धता बताया और कहा कि इंसानियत को प्राथमिकता देने वाले साथी ही हमारी असली ताकत हैं। अभियान में विशाल कुमार, बलवंत सोनी, सरफराज खान, समीर सिद्दीकी, राजेश चंद्रवंशी सहित कई सदस्य मौजूद रहे।
समाजसेवी श्रवण शुक्ला ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह टीम एक आवाज पर जान बचाने के लिए तत्पर रहती है — यह इंसानियत की मिसाल है।
गढ़वा में ‘टीम दिल का दौलत’ आज एक ऐसा नाम बन चुका है, जो ज़रूरतमंदों के लिए उम्मीद की पहली किरण बन गई है।














