Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि: कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित ओम मेडिकल में इलाज के दौरान छह वर्षीय बच्ची की मौत हो जाने के बाद परिजनों में आक्रोश व्याप्त है। मृत बच्ची की पहचान कांडी थाना क्षेत्र के बतों खुर्द गांव निवासी निरंजन कुमार गुप्ता की पुत्री ब्यूटी कुमारी (6 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बच्ची को पिछले तीन दिनों से बुखार था। उसकी मां रेणु देवी इलाज के लिए उसे कांडी स्थित ओम मेडिकल में कार्यरत डॉ. रंजीत कुमार मेहता के पास लेकर गई थीं। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सक ने पहले ब्लड जांच कराने की सलाह दी। जांच रिपोर्ट देखने के बाद बच्ची को इंजेक्शन लगाया गया। आरोप है कि इंजेक्शन लगने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई, उसे उल्टी होने लगी और हालत गंभीर हो गई।
परिजनों के अनुसार स्थिति गंभीर होने पर चिकित्सक ने बच्ची को कांडी अस्पताल रेफर कर दिया, जहां से उसे बेहतर इलाज के लिए मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। हालांकि मझिआंव पहुंचने पर चिकित्सकों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि गलत इलाज और इंजेक्शन के दुष्प्रभाव के कारण बच्ची की मौत हुई है।
परिजनों ने बताया कि कांडी में केदार गुप्ता के पुत्र द्वारा संचालित ओम मेडिकल में उक्त चिकित्सक मरीजों का इलाज करते हैं।
इधर, चिकित्सक डॉ. रंजीत कुमार मेहता ने आरोपों से इनकार करते हुए बताया कि ब्लड जांच रिपोर्ट देखने के बाद बच्ची को मोनोसेफ 500 एमजी का इंजेक्शन दिया गया था। उन्होंने कहा कि बच्ची में संक्रमण संबंधी शिकायत थी। इंजेक्शन देने के बाद उसकी स्थिति बिगड़ने पर तत्काल कांडी अस्पताल रेफर कर दिया गया था। उन्होंने स्वयं को डी-फार्मा डिग्रीधारी बताया।
घटना की सूचना मझिआंव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना के एएसआई विद्याधर मछुआ पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेज दिया।
इस संबंध में कांडी थाना प्रभारी मोहम्मद अशफाक आलम ने बताया कि कांड संख्या 59/26 के तहत डॉ. रंजीत कुमार मेहता के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच में दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।