Location: सगमा
सगमा: सोशल मीडिया के जरिए बढ़ती घटनाओं के बीच एक और मामला सामने आया है, जहां इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती के बाद एक नाबालिग लड़की घर से फरार हो गई। परिजनों ने थाने में आवेदन देकर बेटी की बरामदगी की गुहार लगाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, सगमा प्रखंड के घुघरी गांव निवासी बुद्धि नारायण चंद्रवंशी की 14 वर्षीय पुत्री काजल कुमारी, जो स्थानीय मध्य विद्यालय में कक्षा 6 की छात्रा है, 26 मार्च की सुबह करीब 9 बजे स्कूल जाने के लिए घर से निकली थी। लेकिन वह स्कूल नहीं पहुंची और न ही वापस घर लौटी।
परिजनों ने अपने स्तर पर काफी खोजबीन की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो उन्होंने सोशल मीडिया खंगालना शुरू किया। इसी दौरान इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर सामने आई, जिसमें काजल कुमारी आलोक कुमार नामक युवक के साथ नजर आई। इसके बाद मामले ने गंभीर रूप ले लिया।
पीड़ित पिता ने धुरकी थाना में लिखित आवेदन देकर बेटी की जल्द से जल्द तलाश करने की मांग की है।
थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने बताया कि आवेदन मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई है। इंस्टाग्राम से मिले इनपुट के आधार पर दोनों का लोकेशन सोनभद्र जिले में ट्रेस किया गया है। पुलिस टीम को सक्रिय कर दिया गया है और जल्द ही दोनों को बरामद कर लिया जाएगा।
पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले में त्वरित कार्रवाई की जा रही है और हर संभव प्रयास किया जा रहा है कि नाबालिग लड़की को सुरक्षित वापस लाया जाए।











