Location: Ramana
रमना (गढ़वा): रमना थाना पुलिस ने शनिवार की सुबह हरादाग बाजार के समीप छापेमारी कर अवैध शराब भट्टी को ध्वस्त कर दिया। कार्रवाई के दौरान 60 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई, जबकि शराब कारोबारी मौके से फरार हो गया।
थाना प्रभारी आकाश कुमार ने जानकारी दी कि हरादाग कला में अवैध शराब निर्माण की सूचना लगातार मिल रही थी। इसी आधार पर टीम गठित कर छापेमारी अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से 100 लीटर से अधिक अर्धनिर्मित महुआ जावा मिला, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। साथ ही दो गैस सिलिंडर, एल्युमिनियम का तसला, चूल्हा समेत अन्य शराब निर्माण उपकरण जब्त किए गए।
फरार आरोपी की पहचान हरादाग निवासी सरजू के रूप में की गई है। उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी तेज कर दी गई है।
थाना प्रभारी ने कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।











