Location: सगमा

भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने सगमा प्रखंड के दिवंगत पुराने कार्यकर्ता सैलु जयसवाल सहित तीन कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात कर गहरी शोक संवेदना प्रकट की।
इस क्रम में वे सबसे पहले अपने पुराने नौजवान संघर्ष मोर्चा के संस्थापक सदस्य शैलेंद्र कुमार उर्फ सैलू जयसवाल के आवास पहुंचे। वहां उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मिलकर कहा कि जब नौजवान संघर्ष मोर्चा का गठन किया गया था, तब दिवंगत सैलू जयसवाल संस्थापक सदस्य के रूप में सक्रिय भूमिका निभाते थे। उनकी असामयिक मृत्यु से वे अत्यंत मर्माहत हैं। शैलू जयसवाल पार्टी की रीढ़ की तरह कार्य करते थे। भले ही आज वे हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन पार्टी और वे स्वयं शोक संतप्त परिवार के साथ हर समय खड़े रहेंगे।
इसके बाद भानु प्रताप शाही मकरी गांव पहुंचे, जहां उन्होंने अनुसूचित मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष निर्जय कुमार बैठा के पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया। वहीं सगमा प्रखंड के शोनदिहा गांव निवासी भाजपा प्रखंड महामंत्री राजू गुप्ता की माता के निधन पर भी उनके घर जाकर शोक संवेदना प्रकट की।
इस दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रमुख रूप से अनुसूचित मोर्चा के जिला अध्यक्ष लक्ष्मण राम, सगमा मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव, पार्टी के पूर्व जिला मंत्री राजेश जयसवाल, भाजपा के वरिष्ठ नेता सह पूर्व जिला परिषद सदस्य नंद गोपाल यादव, धर्मजीत यादव, रविरंजन यादव, बुधन साह, गुलाब पासवान, अश्वनी मिश्रा, अशोक कुशवाहा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।











