Location: Shree banshidhar nagar
श्री बंशीधर नगर : श्रीकृष्ण जन्मोत्सव को लेकर श्री बंशीधर नगर समेत पूरा गढ़वा जिला श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के रंग में सराबोर है। शहर से लेकर गांव तक श्रद्धालु श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे हुए हैं और चारों ओर राधे-कृष्ण के जयकारे गूंज रहे हैं। लेकिन इसी बीच शहर की लाइफ लाइन कही जाने वाली पुरानी एनएच सड़क की बदहाली श्रद्धालुओं के उत्साह पर खलल डाल रही है।
श्री बंशीधर नगर के प्रमुख धार्मिक पर्व श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के मौके पर भी बदहाल सड़क की सुध नहीं ली गई। नतीजतन श्री बंशीधर जी के दर्शन-पूजन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं समेत आम लोगों को गड्ढों और कीचड़ से भरी सड़क से होकर गुजरना पड़ रहा है।
शहर के जंगीपुर धर्मकांटा से धुरकी मोड़ तक सड़क की स्थिति बेहद खराब है। खासकर पेट्रोल पंप से जंगीपुर धर्मकांटा के बीच सड़क का अधिकांश हिस्सा गड्ढों में तब्दील हो चुका है। बड़े-बड़े गड्ढों और उनमें जमा पानी के कारण इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही तो मुश्किल है ही, पैदल चलना भी जोखिम भरा हो गया है।
बारिश के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती है। गड्ढों में पानी भरने के साथ कीचड़ फैल जाने से राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी होती है। आए दिन लोग दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली के कारण शहर के विकास और आवागमन की रफ्तार पर भी असर पड़ रहा है।
विडंबना यह है कि प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इसी सड़क से प्रतिदिन आवागमन करते हैं और सड़क की स्थिति से भली-भांति अवगत हैं। इसके बावजूद सड़क की मरम्मत को लेकर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव के अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के श्री बंशीधर मंदिर पहुंचने के बीच सड़क की बदहाली व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि श्रद्धालुओं और आम राहगीरों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।










