Location: Meral
योग को जीवनशैली बनाने का दिया संदेश, कार्यकर्ताओं से की संगठन विस्तार की अपील
मेराल (गढ़वा) : पतंजलि योग समिति के झारखंड राज्य प्रभारी रामजीवन पांडे अपने दो दिवसीय गढ़वा प्रवास के दौरान रविवार को मेराल पहुंचे। यहां उनके आगमन पर कार्यकर्ताओं ने फूलमाला और अंग वस्त्र से उनका जोरदार स्वागत किया।
स्वागत करने वालों में समिति संरक्षक व प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. अनिल साह, मुखिया रामसागर महतो, प्रखंड प्रभारी बलराम शर्मा, रविंद्र प्रसाद गुप्ता, वीरेंद्र प्रसाद गुप्ता, शिक्षक विनोद कुशवाहा एवं रविंद्र कुशवाहा सहित अनेक लोग शामिल रहे।
इसके उपरांत श्री पांडे ने कार्यकर्ताओं के साथ परिचय बैठक की और सभी से संगठित होकर नियमित योग कक्षा चलाने की अपील की। उन्होंने कहा:
“यदि भगवान एक वरदान मांगने का अवसर दें, तो हमें ‘हमेशा स्वस्थ रहने’ का वरदान मांगना चाहिए। क्योंकि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है, और इससे हम जीवन का भरपूर आनंद ले सकते हैं।”
उन्होंने युवाओं और कार्यकर्ताओं को योग के प्रचार-प्रसार के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि योग केवल अभ्यास नहीं, बल्कि एक जीवनशैली है जो शरीर, मन और आत्मा को जोड़ता है।
इस अवसर पर जिला के नवनियुक्त बीएसटी प्रभारी संतोष कुमार चौबे, जिला मंत्री प्रदीप कुमार, अजय विश्वकर्मा, संजय प्रसाद सहित अन्य कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।















