Location: Garhwa
गढ़वा। पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर की अध्यक्षता में बुधवार को समाहरणालय स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें जिले के सभी थाना एवं ओपी क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित कांडों के अनुसंधान एवं निष्पादन तथा स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई।
गोष्ठी में एसपी ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को स्वतंत्रता दिवस को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और संभावित असामाजिक गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। थाना में संधारित सभी पंजियों को समय पर अद्यतन रखने, चोरी की घटनाओं की रोकथाम के लिए निगरानी बढ़ाने तथा सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। चिनिया एवं नगर उंटारी थाना को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने केस डायरी में घटनाओं का स्पष्ट एवं तथ्यात्मक उल्लेख करने, हाल में न्यायिक हिरासत से बाहर आए अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा गुमशुदा व्यक्तियों से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। मालखाना प्रदर्श एवं एनडीपीएस से संबंधित वस्तुओं का नियमानुसार निष्पादन सुनिश्चित करने तथा सीमावर्ती थाना क्षेत्रों के साथ समन्वय स्थापित कर पशु तस्करी पर रोक लगाने का निर्देश दिया।
नशाखोरी और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ चलेगा अभियान
गोष्ठी में नशाखोरी, बाल विवाह, डायन-बिसाही, सड़क सुरक्षा सहित अन्य सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ थाना एवं ओपी स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने पर जोर दिया गया। सार्वजनिक स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों एवं अन्य प्रतिष्ठानों में जाकर आम लोगों और विद्यार्थियों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया।
एसपी ने नियमित अंतराल पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की सघन जांच करने और मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने को कहा। एससी/एसटी कांडों में मुआवजा संबंधी प्रस्ताव संबंधित विभाग को समय पर भेजने तथा ब्लैक स्पॉट चिह्नित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए विशेष उपाय करने का निर्देश दिया गया। जेल में बंद कैदियों के फिंगरप्रिंट की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से कराने को भी कहा गया।
लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर
विगत माह में दर्ज कांडों की समीक्षा करते हुए अनुसंधान में तेजी लाने का निर्देश दिया गया। डीजीएसपी एवं आईजीएसपी कॉन्फ्रेंस पोर्टल पर थानावार सभी प्रश्नों की प्रविष्टि करने तथा एससी/एसटी एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। नक्सल कांडों के त्वरित निष्पादन तथा पेट्रोलिंग पार्टी की गतिविधियों की क्यूआर कोड के माध्यम से प्रभावी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा पोस्टमार्टम रिपोर्ट समय पर प्राप्त करने, पासपोर्ट एवं चरित्र सत्यापन निर्धारित अवधि में पूरा करने, वारंट एवं कुर्की का निष्पादन सुनिश्चित करने तथा ड्रंक ड्राइविंग, चोरी, लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, साइबर पुलिस पोर्टल, JOFS, PG पोर्टल, NDPS, CCA एवं IT Act से संबंधित मामलों में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। अनुसंधानकर्ताओं को ई-साक्ष्य पर कांडों की प्रविष्टि अनिवार्य रूप से करने को कहा गया।
एसपी ने सभी थाना एवं ओपी प्रभारियों को अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने, लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन तथा आम लोगों की सुरक्षा और शिकायतों के शीघ्र निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रभावी, संवेदनशील और जवाबदेह पुलिसिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।











