Location: Meral
गढ़वा। जिला प्रशासन एवं जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रथम गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप में बुधवार को क्वार्टर फाइनल के मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में इंद्रदेव पब्लिक स्कूल, आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा, ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल और बीएसकेडी की टीमों ने जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
पहले क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंद्रदेव पब्लिक स्कूल ने आरके पब्लिक स्कूल मझिआंव को 2-0 से हराया। इंद्रदेव पब्लिक स्कूल की ओर से अनुराधा सिंह ने पहले हाफ के दूसरे मिनट में गोल किया। इसके बाद रविरंजन रवि ने 12वें मिनट में दूसरा गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई, जिसे अंत तक बरकरार रखते हुए टीम ने जीत दर्ज की।
दूसरे क्वार्टर फाइनल में आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा को मिलेनियम पब्लिक स्कूल के निर्धारित समय पर नहीं पहुंचने के कारण वॉकओवर दिया गया। इसके साथ ही आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा की टीम विजेता घोषित करते हुए सेमीफाइनल में पहुंच गई।
तीसरे क्वार्टर फाइनल में ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल और ब्राइट फ्यूचर स्कूल के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं। इसके बाद टाईब्रेकर में ज्ञान निकेतन कॉन्वेंट स्कूल ने 3-2 से जीत दर्ज कर सेमीफाइनल में जगह बनाई।
चौथे क्वार्टर फाइनल मुकाबले में इंडियन पब्लिक स्कूल और बीएसकेडी गढ़वा की टीमें आमने-सामने हुईं। इसमें बीएसकेडी ने 1-0 से जीत दर्ज करते हुए सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
मैच से पूर्व फुटबॉल के पूर्व जिला खिलाड़ी अनूप कुमार चौधरी, अशोक विश्वकर्मा, एसएन पांडेय एवं धर्मराज भारती ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि गढ़वा जिले में फुटबॉल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से यह प्रतियोगिता आयोजित की जा रही है। खिलाड़ियों को खेल भावना के साथ मैदान में उतरना चाहिए। खेल में हार-जीत होती रहती है, लेकिन सहनशीलता, धैर्य और अनुशासन बनाए रखना जरूरी है। यही अनुशासन जीवन में भी काम आता है।
प्रतियोगिता जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार के मार्गदर्शन एवं जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित हो रही है। आयोजन को सफल बनाने में अभिषेक द्विवेदी, धर्मराज भारती, आनंद यादव, फुटबॉल कोच सोनी कुमारी, आशीष कुमार सहित टेक्निकल टीम के संजय कुमार, विजय सिंह, रंजन, सोन, सुशील एवं अल्ताफ का विशेष योगदान रहा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं विभिन्न विद्यालयों के खिलाड़ी मौजूद थे।











