Location: Manjhiaon
मझिआंव: थाना क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बोदरा पंचायत के इमलिया टिकर गांव के समीप एक कार से ले जाई जा रही 654 बोतल अंग्रेजी शराब पुलिस ने जब्त की है। वाहन को भी कब्जे में लेकर थाना लाया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कार संख्या BR 01 DT 9556 से बिशनपुर की ओर से मझिआंव की तरफ भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लाई जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने चेक पोस्ट लगाकर जांच शुरू की। इसी बीच तस्करों को भनक लग गई और वे मझिआंव आने के बजाय रास्ता बदलकर बोदरा होते हुए इमलिया टिकर के रास्ते बरडीहा थाना क्षेत्र की ओर भागने लगे।
भागने के दौरान कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में पलट गई, जिससे कई शराब की बोतलें घटनास्थल पर ही टूट गईं। ग्रामीणों के अनुसार कुछ लोग मौके से शराब लेकर फरार भी हो गए। बाद में स्थानीय लोगों ने दुर्घटना और शराब होने की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त कार को थाना लाया गया। थाना प्रभारी ओम प्रकाश टोप्पो ने इसकी सूचना गढ़वा उत्पाद विभाग को दी। उत्पाद विभाग की टीम ने मौके से बरामद 654 बोतल शराब को जब्त कर गढ़वा ले गई और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि यह शराब झारखंड से बिहार ले जाई जा रही थी, जहां शराबबंदी लागू है। आशंका है कि तस्कर बिहार में अवैध बिक्री के उद्देश्य से इसे ले जा रहे थे।











