Location: कांडी
कांडी प्रतिनिधि: रामनवमी के अवसर पर गुरुवार को कांडी प्रखंड क्षेत्र में युवा संघर्ष सेना के तत्वाधान में भव्य शोभायात्रा सह जुलूस निकाला गया। जुलूस की शुरुआत लामारी गांव स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई।
शोभायात्रा विभिन्न गांवों और प्रमुख मार्गों से होते हुए घटहुआ कला, खुटहेरिया, गवर्नर रोड, रानाडीह, मंडरा, चेचरिया, भरत पहाड़ी और शिवपुर होते हुए गरदाहा मठ पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई और “जय श्री राम” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
समापन स्थल गरदाहा मठ में जुलूस के बाद युवा संघर्ष सेना द्वारा भव्य भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के दौरान युवा संघर्ष सेना के कार्यकारी अध्यक्ष गुड्डू उपाध्याय ने कहा कि रामनवमी केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक एकता का भी प्रतीक है। उन्होंने युवाओं से सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
युवा समाजसेवी विकास दुबे ने आयोजन को समाज में भाईचारा और सांस्कृतिक एकता को मजबूत करने वाला बताया और सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
जुलूस में प्रखंड प्रमुख सत्येंद्र पाण्डे, कोषाध्यक्ष रिंकू गुप्ता, महासचिव विवेका पांडे सहित कई गणमान्य लोग शामिल हुए। आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ।











