Location: Bhavnathpur
भवनाथपुर (गढ़वा) : क्षेत्र के लोकप्रिय समाजसेवी, पत्रकार और बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी रमेश तिवारी का सोमवार की अहले सुबह रांची में हृदयाघात से निधन हो गया। वे 49 वर्ष के थे। उनके असामयिक निधन की सूचना मिलते ही भवनाथपुर सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई।
रमेश तिवारी, दिवंगत समाजसेवी स्व. पंचानंद तिवारी के पुत्र थे। वे अपने मिलनसार स्वभाव, सजग पत्रकारिता, विधि सेवा और सामाजिक कार्यों के कारण क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। अपने पीछे वे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री को छोड़ गए हैं।
उन्होंने युवावस्था में ही समाजसेवा और पत्रकारिता की राह चुनी। अपने करियर की शुरुआत प्रभात खबर भवनाथपुर से की, इसके बाद दैनिक भास्कर में अपनी कलम के ज़रिए समाज की समस्याओं को उजागर कर लोगों में जागरूकता फैलाने का कार्य किया।
बाद में उन्होंने विधिक क्षेत्र में प्रवेश कर वकालत के माध्यम से जरूरतमंदों को न्याय दिलाने में अहम भूमिका निभाई। इसके अलावा वे सहारा, एसबीआई बैंक जैसे म्युचुअल फंड संबंधी कार्यों से भी जुड़े रहे और कई लोगों को आर्थिक सलाह व सहयोग प्रदान करते रहे।
पिछले चार वर्षों से वे रांची में परिवार सहित निवास कर रहे थे। उनके निधन से न केवल उनका परिवार, बल्कि पूरा भवनाथपुर शोकाकुल है।
उनके निधन पर भाजपा के पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही, ध्रुव नारायण दुबे (दुर्गा मंदिर समिति), दिवाकर चौधरी, आर. के. पांडेय, दीपक कुमार तिवारी, प्रवीण पांडे, सत्यम पांडे, मूंगा साह, सुनील कुमार पांडे, नागेंद्र झा, अर्जुन उपाध्याय, बबलू सिंह, रविंद्र कुमार, राज नारायण सिंह, संजय कुमार, डॉ. जितेंद्र पासवान सहित सैकड़ों शुभचिंतकों, मित्रों और परिचितों ने गहरी संवेदना व्यक्त की है।
भवनाथपुर प्रखंड के पत्रकार– सीताराम पाठक, अरविंद पाठक, दयाशंकर पाठक, प्रदीप चौबे, सुनील कुमार, रवि रंजन यादव, विमलेश कुमार, सुरेश राउत, रमाशंकर मेहता, श्याम विमल, अयोध्या साह, अजीत कुमार, फुलेंद्र यादव सहित अन्य ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की और ईश्वर से प्रार्थना की कि शोकाकुल परिवार को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।















