Location: Garhwa
गढ़वा, प्रतिनिधि। झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी, उत्पाद सिपाही भर्ती, जेपीसीएल सहित विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित भ्रष्टाचार, अनियमितता, पेपर लीक एवं सीटों की खरीद-फरोख्त के विरोध में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने शनिवार को गढ़वा उपायुक्त के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा।
भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुन्ना तिवारी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में सभी विवादित भर्ती परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने, दोषियों के विरुद्ध फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने, जेपीएससी के तीनों सदस्यों को पद से हटाकर उनकी गिरफ्तारी कराने तथा भर्ती घोटालों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की गई। साथ ही उत्पाद सिपाही दौड़ परीक्षा के दौरान मृत अभ्यर्थियों के परिजनों को समुचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई गई।
ज्ञापन में कहा गया कि भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में राज्य भर के बड़ी संख्या में युवा पिछले छह दिनों से आंदोलनरत हैं और निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग कर रहे हैं।
इस अवसर पर भाजयुमो जिलाध्यक्ष मुन्ना तिवारी ने कहा कि झारखंड के युवाओं के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि सरकार दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई नहीं करती है, तो भारतीय जनता युवा मोर्चा युवाओं के हित में अपने आंदोलन को और तेज करेगा।
इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद घूरन राम, रघुराज पांडेय, विनोद तिवारी, कन्हैया चौबे, विवेकानंद तिवारी, अरविंद तूफानी, जिला महामंत्री मुकेश चौबे, जितेंद्र प्रसाद, राजीव तिवारी, अनीता गुप्ता, मधुलता कुमारी, विकास तिवारी, मनोज जायसवाल, कुंदन चंद्रवंशी, अशोक केशरी, धनंजय गौंड, लालमोहन, मनीष गुप्ता, कुंदन प्रसाद, रामलला दुबे, पीयूष चौबे, प्रवीण पाल सहित भाजपा एवं भाजयुमो के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।











