Location: पलामू
गढ़वा–रामानुजगंज व पड़वा मोड़–छतरपुर फोरलेन निर्माण की मांग, सांसद वीडी राम ने केंद्रीय सचिव से की मुलाकात
गढ़वा/मेदिनीनगर, प्रतिनिधि। पलामू संसदीय क्षेत्र के सांसद विष्णु दयाल राम (वीडी राम) ने नई दिल्ली स्थित परिवहन भवन में सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र की दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के शीघ्र फोरलेन निर्माण का अनुरोध किया।
सांसद ने एनएच-343 के गढ़वा–रामानुजगंज (लगभग 49 किमी) तथा एनएच-139 (पूर्व में एनएच-98) के पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर (लगभग 22 किमी) मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर फोरलेन बनाने की मांग रखी।
उन्होंने बताया कि एनएच-139 का हरिहरगंज–सीलीदाग खंड पहले ही फोरलेन में विकसित किया जा चुका है तथा एनएच-343 के अन्य हिस्सों का भी फोरलेन निर्माण पूरा हो चुका है। लेकिन पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर का लगभग 22 किलोमीटर लंबा हिस्सा अब भी फोरलेन नहीं होने के कारण पूरे कॉरिडोर में एक प्रमुख बाधा (बॉटलनेक) बना हुआ है। इस मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों का आवागमन होता है, जिससे जाम, यात्रा समय में वृद्धि और सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
सांसद के अनुसार, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने बताया कि गढ़वा–रामानुजगंज (एनएच-343) और पड़वा मोड़–सीलीदाग–छतरपुर (एनएच-139) दोनों परियोजनाओं की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार की जा रही है। डीपीआर को जल्द अंतिम रूप देकर स्वीकृति प्रदान की जाएगी। इसके बाद दोनों परियोजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति देकर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के माध्यम से प्राथमिकता के आधार पर क्रियान्वित कराया जाएगा।
सांसद ने कहा कि दोनों फोरलेन परियोजनाओं के पूर्ण होने से पलामू, गढ़वा तथा आसपास के जिलों के लोगों को सुरक्षित, सुगम और तेज सड़क संपर्क मिलेगा। साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक, कृषि, व्यापारिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी तथा निवेश, रोजगार और आवागमन की सुविधाओं में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी।











