Location: Manjhiaon
तालाब में छलांग लगाकर बहन की जान बचाई, खुद गहरे पानी में समा गया आकाश
मझिआंव (गढ़वा)। थाना क्षेत्र के ऊचरी गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय युवक की तालाब में डूबकर मौत हो गई। मृत युवक ने अपनी चचेरी बहन की जान बचाने के लिए जान जोखिम में डालकर बहादुरी की मिसाल पेश की, लेकिन खुद को नहीं बचा सका।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत क्षेत्र के ऊचरी गांव निवासी राजू राम की 28 वर्षीय पुत्री रिंकी कुमारी ने घरेलू विवाद के बाद आत्महत्या के इरादे से गांव के तालाब में छलांग लगा दी। उसकी चीख-पुकार सुनकर पास ही रहने वाले उदय राम के पुत्र आकाश कुमार (उम्र लगभग 20 वर्ष) ने बिना सोचे-समझे तालाब में छलांग लगा दी और रिंकी को बचा लिया।
लेकिन आकाश गहरे पानी में डूब गया और उसका पता नहीं चल सका। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में गांववाले इकट्ठा हुए और उसे बचाने का प्रयास किया गया। करीब एक घंटे बाद स्थानीय लोगों ने रस्सी और कांटेदार लोहे के यंत्र (झगड़) की मदद से आकाश के शव को पानी से बाहर निकाला।
इसके बाद उसे रेफरल अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर मझिआंव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा भेज दिया।
इधर आकाश की मौत से उसके घर में कोहराम मचा हुआ है, और पूरे गांव में शोक की लहर है। चौक-चौराहों पर लोग उसकी बहादुरी की चर्चा कर रहे हैं। सभी का कहना है कि आकाश ने रिश्ते की सच्ची मिसाल पेश की है, जिसने अपनी बहन की जान बचाकर अमर शौर्य का परिचय दिया।














