Location: सगमा
सगमा। भाजपा मंडल अध्यक्ष दिलीप कुमार यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर स्थानीय विधायक अनंत प्रताप देव पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व में स्वीकृत योजनाओं का शिलान्यास कर विधायक अपनी वाहवाही लूटने का प्रयास कर रहे हैं।
श्री यादव ने बताया कि सगमा गांव के विक्रमा पासवान के घर से विगवा खांड तक सड़क निर्माण योजना की मांग पूर्व विधायक भानु प्रताप शाही ने 21 जुलाई 2023 को की थी। इस पर कार्यपालक अभियंता ने 3 सितंबर 2024 को स्वीकृति प्रदान कर टेंडर प्रक्रिया भी पूरी कर ली थी। इसके बावजूद स्थानीय विधायक ने कमीशन के चक्कर में 9 महीने तक काम रोके रखा और अब उसी योजना का शिलान्यास कर श्रेय लेने की कोशिश कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद अब तक वर्तमान विधायक की अनुशंसा से एक भी सड़क स्वीकृत नहीं हुई है। यदि यह योजना विधायक अनंत प्रताप देव द्वारा स्वीकृत कराई गई है तो इसका प्रमाण सार्वजनिक करें। भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि विधायक पावर प्लांट के नाम पर वोट लेकर सत्ता में आए, लेकिन क्षेत्र के युवाओं से वादाखिलाफी कर रहे हैं। किसानों की यूरिया संकट पर भी वे चुप्पी साधे हुए हैं, जबकि उन्हें इस पर आवाज उठानी चाहिए थी।
सांसद प्रतिनिधि राजेंद्र यादव ने भी आरोप लगाया कि स्थानीय विधायक पूर्व विधायक की योजनाओं का शिलान्यास कर भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार स्वीकृत योजना के शिलापट्ट पर सांसद विष्णु दयाल राम का नाम अंकित है, जिसकी जानकारी सांसद प्रतिनिधि को दी जानी चाहिए थी, लेकिन विधायक और स्थानीय नेताओं ने सूचना देना उचित नहीं समझा।
प्रेस वार्ता में बब्लू ठाकुर, धर्मजीत यादव, धर्मेंद्र यादव, परशु यादव, सखीचंद्र प्रजापति, सिद्धार्थ विश्वकर्मा और राजेश पासवान मौजूद थे।











