Location: Shree banshidhar nagar
गढ़वा : श्री बंशीधर नगर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना को लेकर विश्वविख्यात बंशीधर मंदिर में शनिवार को विशेष पूजन-अर्चन और हवन का आयोजन किया गया। पूजा वैदिक विधि-विधान के अनुसार पंडित श्रीकांत मिश्रा और आचार्य सत्यनारायण मिश्रा के नेतृत्व में संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर झामुमो विधायक अनंत प्रताप देव विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन की तबीयत ठीक नहीं है और वे दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में इलाजरत हैं। उनकी स्थिति को लेकर पूरे झारखंड में चिंता का माहौल है।
विधायक ने कहा कि शिबू सोरेन ने झारखंड अलग राज्य आंदोलन में अग्रणी भूमिका निभाई और आदिवासियों के हक के लिए हमेशा संघर्षरत रहे। बंशीधर मंदिर में की गई यह पूजा उनके शीघ्र स्वस्थ होने की सामूहिक कामना है।
पूजन कार्यक्रम में मंदिर के प्रधान ट्रस्टी राजेश प्रताप देव, वरिष्ठ झामुमो नेता मुक्तेश्वर पांडेय, प्रखंड अध्यक्ष अमरनाथ पांडेय, कामता प्रसाद, प्रदीप सिंह, किरण देवी, उषा देवी, कमलेश मेहता, निर्मल पासवान, मनोज डॉन समेत सैकड़ों श्रद्धालु और कार्यकर्ता मौजूद रहे।














