Location: पलामू
मेदिनीनगर (पलामू): कारगिल विजय दिवस के अवसर पर रविवार को रम्यभूमि त्रिबल सैन्यपरिवार कल्याण फाउंडेशन के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यात्रा में पूर्व सैनिकों, सैन्य परिवारों, युवाओं, समाजसेवियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने भाग लेकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
तिरंगा यात्रा संगठन के मुख्य कार्यालय से प्रारंभ होकर सबसे पहले पोल-पोल स्थित अमर शहीद हवलदार प्रबोध महतो की प्रतिमा पर पहुँची, जहां माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी गई। वक्ताओं ने कहा कि कारगिल युद्ध में भारतीय सैनिकों ने अदम्य साहस और सर्वोच्च बलिदान का परिचय देकर देश की सीमाओं की रक्षा की, जिसे राष्ट्र कभी नहीं भूल सकता।
इसके बाद चियांकी में “एक शहीद–एक वृक्ष” अभियान के तहत वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण को राष्ट्रसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल का संकल्प लिया गया।
तिरंगा यात्रा रेड़मा चौक, चंद्रशेखर आजाद चौक, शहीद चौक, सादिक मंजिल चौक, छमुहान, अस्पताल चौक और साहित्य समाज चौक होते हुए बैरिया चौक पहुँची। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों ने यात्रा का स्वागत करते हुए पुष्पवर्षा की और भारत माता के जयघोष लगाए।
बैरिया चौक पर आयोजित मुख्य श्रद्धांजलि सभा में अमर शहीद हवलदार युगंबर दीक्षित एवं अमर शहीद हवलदार प्रबोध महतो को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। इस अवसर पर दोनों शहीदों के परिजनों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान फाउंडेशन ने सर्वसम्मति से बैरिया चौक का नाम “कारगिल विजय चौक” घोषित किया तथा चौक पर इसी नाम का बोर्ड भी स्थापित किया। संगठन ने प्रशासन से इस नाम को आधिकारिक मान्यता देने का अनुरोध किया।
फाउंडेशन के पदाधिकारियों ने कहा कि कारगिल विजय दिवस वीर सैनिकों के साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को नमन करने का दिन है। उन्होंने संकल्प लिया कि प्रत्येक वर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस पूरे सम्मान के साथ मनाया जाएगा तथा शहीद सम्मान, वृक्षारोपण, रक्तदान और जनजागरण जैसे कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान तथा वीर शहीदों की स्मृति में दो मिनट के मौन के साथ हुआ।











