गढ़वा। पेफी, जिला प्रशासन एवं जिला पब्लिक स्कूल समन्वय समिति के तत्वावधान में आयोजित प्रथम गढ़वा जिला अंतर स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप में कस्तूरबा विद्यालय गढ़वा, इंद्रदेव पब्लिक स्कूल रंका और बीपी डीएवी ने अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों को हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित प्रतियोगिता के बालक वर्ग के अंडर-12 फुटबॉल कप में इंद्रदेव पब्लिक स्कूल रंका ने एनटीसीए पब्लिक स्कूल को 1-0 से हराकर खिताब जीता। वहीं अंडर-15 वर्ग में इंद्रदेव पब्लिक स्कूल रंका ने आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा को 3-2 से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।
बालिका वर्ग के अंडर-15 एवं अंडर-17 दोनों वर्गों में कस्तूरबा विद्यालय गढ़वा की टीम ने कस्तूरबा विद्यालय भंडरिया को हराकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। अंडर-17 बालक वर्ग में बीपी डीएवी ने हाई स्कूल तसरार को 2-0 से हराकर चैंपियनशिप जीती।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में डीडीसी प्रेमलता मुर्मू, एसपी आशुतोष शेखर, डीएफओ एबिन बैनी अब्राहम, जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार, प्रतियोगिता अध्यक्ष अलखनाथ पांडेय, सचिव मदन प्रसाद केशरी एवं कार्यकारी सचिव आनंद कुमार सिन्हा ने विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया।
प्रतियोगिता का संचालन जिला खेल पदाधिकारी दिलीप कुमार के नेतृत्व में कार्यकारी सचिव आनंद कुमार सिन्हा, पेफी गढ़वा के जिला कोऑर्डिनेटर कमलेश कुमार दुबे, खेल मैदान प्रभारी अभिषेक द्विवेदी, फुटबॉल कोच सोनी कुमारी, समिति के उपाध्यक्ष जिनाहुद्दीन खान एवं धर्मराज भारती की देखरेख में किया गया।
रेफरी की भूमिका संजय प्रताप देव, शशिरंजन, शशि कुमार, सुशील कुमार, विजय सिंह एवं सोनू सिंह ने निभाई। कमेंटेटर की भूमिका मनोज तिवारी ने निभाई। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमी, खिलाड़ी और उनके अभिभावक मौजूद रहे।











