Location: Manjhiaon
होली पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार मंगलवार की शाम मझिआंव एवं बरडीहा थाना क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च का नेतृत्व पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार ने किया।
मझिआंव थाना से शुरू हुआ फ्लैग मार्च मेन रोड, पुरानी अस्पताल, ब्लॉक रोड, अमर बकोइया, सोनपुरा, तलशबरिया, घुरुआ, अखौरी टोला सहित अन्य गांवों से होकर गुजरा। वहीं बरडीहा थाना क्षेत्र के बरडीहा, आदर, सेमरी, जतरो-बंजारी, सलगा, कुंदरहे सहित अन्य गांवों में भी फ्लैग मार्च निकाला गया।
इस दौरान पुलिस इंस्पेक्टर बृज कुमार ने कहा कि होली पर्व सभी समुदायों का साझा त्योहार है, जिसे मिलजुलकर शांति एवं भाईचारे के साथ मनाना चाहिए। उन्होंने अपील की कि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना तत्काल पुलिस को 112 नंबर पर दें तथा संबंधित थाना प्रभारी या पुलिस पदाधिकारी को अवश्य सूचित करें।
फ्लैग मार्च में थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो, बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह, एसआई चंदन प्रधान, जितेंद्र कुमार सिंह, संजय मुंडा, तपेश सिंह, मृत्युंजय कुमार राय, अनिल कुमार, एएसआई आलोक कुमार सहित दोनों थानों के काफी संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिस बल मौजूद थे।











