Location: सगमा
सगमा/गढ़वा, प्रतिनिधि:
वासंतीय नवरात्र एवं हिंदू नववर्ष के शुभारंभ के साथ सगमा प्रखंड क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है। गुरुवार अहले सुबह से ही विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
प्रखंड क्षेत्र के सगमा, सारदा, पुतूर, सोनडीहा, बीरबल, घघरी, दुसैया, चैनपुर एवं मकरी गांव सहित आसपास के सभी मंदिरों में महिला, पुरुष एवं बच्चों ने भक्तिभाव से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की। नवरात्र के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर विधि-विधानपूर्वक कलश स्थापना कर पूजा-पाठ किया जा रहा है।
मकरी गांव स्थित सर्वेश्वरी आश्रम के काली शक्ति पीठ में झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़ एवं उत्तर प्रदेश से पहुंचे दर्जनों श्रद्धालुओं द्वारा सामूहिक रूप से कलश स्थापना कर विशेष अनुष्ठान किया जा रहा है। इस संबंध में काली शक्ति पीठ के प्रबंधक बिहारी राम ने बताया कि यहां अनुष्ठान करने वाले श्रद्धालुओं को आश्रम की ओर से हर संभव सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।
वहीं बीरबल गांव स्थित सूर्यनारायण मंदिर में भी श्रद्धालुओं द्वारा कलश स्थापना कर विधिवत पूजा-पाठ किया जा रहा है। पूरे प्रखंड क्षेत्र में भक्ति गीतों, जयकारों और धार्मिक आयोजनों के कारण वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना हुआ है।











