Location: Meral
मेराल प्रतिनिधि। पुलिस ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खाद्यान्न गबन के आरोपी जनसेवक सह एजीएम दीपक चंचल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी विष्णु कांत ने बताया कि आरोपी दीपक चंचल लंबे समय से फरार चल रहा था। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे गढ़वा से गिरफ्तार किया। इस मामले में थाना कांड संख्या 49/25 के तहत मामला दर्ज है।
विदित हो कि मेराल स्थित खाद्यान्न गोदाम से लगभग 2764 क्विंटल खाद्यान्न गायब हो गया था। इस घटना से जुड़े 92 लाख रुपये के खाद्यान्न गबन का मामला प्रकाश में आया था।
इस मामले को तत्कालीन विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी ने विधानसभा में उठाया था। विधायक के आग्रह पर जिला पदाधिकारी (डीएम) ने मामले की जांच कराई, जिसमें खाद्यान्न गबन की पुष्टि हुई। इसके बाद सीओ सह एम.ओ. यशवंत नायक ने मेराल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पुलिस ने अब इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी एजीएम दीपक चंचल को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।











