
Location: Meral

मेराल: थाना क्षेत्र के अकलवानी गांव में 32 वर्षीय चंचला मिश्रा की हत्या के मामले में पति सहित परिवार के सदस्यों पर आरोप लगा है। मृतका के भाई मुकेश चौबे ने मेराल थाना में दहेज प्रताड़ना और हत्या की शिकायत दर्ज कराई।
थाना प्रभारी विष्णु कांत ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेजा। उन्होंने बताया कि मृतका के पति विवेक मिश्रा, ससुर सतीश मिश्रा, भसुर राजू मिश्रा और सास आरती देवी को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, गोतनी रानी देवी, देवर विशाल मिश्रा और छोटी गोतनी फरार हैं।
मृतका की शादी 2014 में हुई थी और उसके दो बच्चे (एक बेटा व एक बेटी) हैं। बताया जा रहा है कि मृतका ने एक दिन पहले महिला थाना में न्याय की गुहार लगाई थी। मामले में थाना कांड संख्या 35/2025 के तहत विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
