Location: सगमा/मेराल
सगमा (गढ़वा)। बीते रविवार को धुरकी थाना क्षेत्र के मकरी गांव के जंगल में झाड़ियों से एक नवजात शिशु बरामद किया गया था। ग्रामीणों ने बच्चे को सगमा प्रखंड के बीरबल पंचायत के मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा के पास रखा था। मुखिया की सूचना पर धुरकी पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात की स्वास्थ्य जांच करवाकर मुखिया की देखरेख में सुपुर्द कर दिया।
इस घटना की खबर मीडिया में आने के बाद बच्चे को गोद लेने के इच्छुक लोगों की लंबी कतार लग गई। मुखिया के अनुसार, रात-दिन गोद लेने के लिए फोन आ रहे थे, जिससे उनका पूरा परिवार भी उलझन में था।
बाल संरक्षण केंद्र (सीडब्ल्यूसी) के सदस्यों को मामले की जानकारी मिलते ही उन्होंने स्वतः संज्ञान लिया। सोमवार दोपहर करीब 2 बजे, पुलिस प्रशासन के साथ मकरी गांव पहुंचकर नवजात की स्वास्थ्य जांच की और मुखिया से सुरक्षित हालत में उसे अपने साथ ले गए।
मुखिया इंद्रजीत कुशवाहा ने कहा, “जब से बच्चा मेरे पास आया, गोद लेने वालों की भीड़ और फोन लगातार बढ़ते गए। अब जब बच्चा सीडब्ल्यूसी को सौंप दिया गया है, मैं मीडिया के माध्यम से लोगों से अनुरोध करता हूं कि कृपया अब मुझे फोन कर परेशान न करें, बच्चा मेरे पास नहीं है।”











