कांडी प्रतिनिधि। कांडी प्रखंड मुख्यालय स्थित एफसीआई चावल गोदाम के पास की सरकारी भूमि पर दबंग भू-माफियाओं द्वारा लगातार अतिक्रमण किया जा रहा है। संबंधित भूमि खाता संख्या 79, प्लॉट संख्या 209/372, कुल रकबा एक एकड़ 31 डिसमिल है, जो सरकारी रजिस्टर में दर्ज है।
बुधवार को अंचल पदाधिकारी राकेश सहाय ने राजस्व कर्मचारी और अंचल अमीन के साथ स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने भूमि का सीमांकन करने के निर्देश देते हुए कहा कि अतिक्रमणकारियों को नोटिस भेजकर 24 घंटे के भीतर भूमि खाली करने का आदेश दिया जाए। सीओ ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाते हैं, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











