Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर
गढ़वा रोड–चोपन रेल खंड पर चेचरिया गांव के समीप सोमवार की रात मालगाड़ी की चपेट में आने से एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। समाचार लिखे जाने तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक नीले रंग का इनर, उसके ऊपर स्लेटी रंग का हाफ शर्ट तथा नीचे सफेद धारीदार लूंगी पहने हुए था। उसकी उम्र करीब 50 वर्ष आंकी गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी उपेंद्र कुमार ने बताया कि सोमवार की रात सूचना मिली थी कि चेचरिया गांव के पास रेल खंड पर एक व्यक्ति ट्रेन से कट गया है और शव पटरी पर पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया और शव को थाना ले आई।
मंगलवार को शव को अंत्यपरीक्षण के लिए सदर अस्पताल, गढ़वा भेज दिया गया। साथ ही शव की पहचान होने तक उसे शीतगृह में सुरक्षित रखने के लिए अस्पताल प्रबंधन को प्रतिवेदन सौंपा गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है।











