Location: Manjhiaon
मझिआंव। लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को बाजार में यूरिया खाद पहुंचते ही किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। खाद वितरण के दौरान अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को मोर्चा संभालना पड़ा।
उपायुक्त के निर्देश पर मझिआंव बाजार क्षेत्र के मेहता बीज भंडार, मेसर्स जितेंद्र बीज भंडार और सचिन खाद बीज भंडार में कुल 550 बैग यूरिया खाद पहुंची। इसमें मेहता और जितेंद्र बीज भंडार को 200-200 बोरी तथा सचिन बीज भंडार को 150 बोरी दी गई। दुकानदारों द्वारा किसानों को बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद एक किसान को एक बोरी (45 किलो) यूरिया खाद उपलब्ध कराया जा रहा था।
किसानों शेख अमरूदीन खां और प्रवेश यादव सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया कि खाद 320 रुपये प्रति बोरी में दी गई, जबकि सरकारी दर 266 रुपये प्रति बोरी तय है। कई किसानों को खाद नहीं मिल सकी, जिससे वे निराश होकर लौटते दिखे।
प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी सुरेश सिंह ने बताया कि सरकार के आदेशानुसार किसानों को निर्धारित दर 266 रुपये में ही खाद दी जानी चाहिए। यदि कहीं अधिक मूल्य लिया जा रहा है तो यह गलत है, हालांकि अब तक इस संबंध में कोई आधिकारिक शिकायत नहीं मिली है।











