Location: Manjhiaon
मझिआंव एवं बरडीहा प्रखंड के विभिन्न गांवों और नगर क्षेत्रों में दुर्गापूजा धूमधाम से मनाया जा रहा है। मझिआंव प्रखंड के पूजा पंडालों को लाखों रुपये की लागत से सजाया गया है। पंडालों की साज-सज्जा के लिए कारीगरों को कोलकाता से बुलाया गया है। अधिकांश पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा-पाठ शुरू कर दिया गया है। कुछ पंडालों में पट खोल दिए गए हैं जबकि कई पंडालों में शाम की आरती के बाद पट खोले जाएंगे।
मझिआंव नगर पंचायत के दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। प्रमुख पूजा स्थलों में बाजार समिति स्थित मेन बाजार यंग स्टार क्लब, चंद्रवंशी मुहल्ला का नवदीप संघ, चंद्री शिव शक्ति संघ, मझिआंव खुर्द का जय भवानी संघ, मुखदेव हाई स्कूल करमडीह चौक का शिव शक्ति संघ, बकोईया दुर्गा मंदिर परिसर, खजुरी स्कूल परिसर, खरसोता राधाकृष्ण मंदिर परिसर, मोरबे गांव में विधायक नरेश प्रसाद सिंह का आवास परिसर, सूर्य मंदिर परिसर जंगीपुर, मुख्य बजार बरतर, मामपुर पंचायत के सात स्थान, पुरहे पंचायत में तीन जगह और टरहे पंचायत का देवीधाम करुंगी शामिल हैं।
बरडीहा प्रखंड मुख्यालय के मेन बाजार, तीन मुहान चौक, श्रुगारी टोला शिव मंदिर, लेभरी शिव मंदिर और जीका शिव मंदिर परिसर में भी मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। कई जगहों पर रामलीला और प्रवचन का आयोजन भी हो रहा है।
क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई है। मझिआंव और बरडीहा थाना क्षेत्र में इंस्पेक्टर बृजेश कुमार, थाना प्रभारी ओमप्रकाश टोप्पो, ऋषिकेश कुमार सिंह, एसआई चंदन प्रधान, संजय कुमार मुंडा, नसीम अंसारी, एएसआई आलोक कुमार, छठनाथ सहित कई पुलिसकर्मी ड्यूटी पर तैनात हैं।











