Location: कांडी
कांडी (प्रतिनिधि)। कांडी थाना क्षेत्र के शिवपुर पंचायत अंतर्गत मंडरा गांव में बुधवार सुबह एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सुबह करीब 7 बजे की है, जब मृतक सुनील पासवान (45 वर्ष), पिता स्वर्गीय रामविलास पासवान, गांव के पूरब स्थित “बघौंत बाबा देव स्थल” के पास गाय चरा रहे थे। इसी दौरान तीन-चार अज्ञात युवक वहां पहुंचे और पहले डंडे से मारपीट की, फिर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। दो गोलियां सिर में और एक गोली हाथ में लगने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कांडी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों और ग्रामीणों ने शव उठाने से इंकार कर दिया। उनका कहना था कि जब तक पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर नहीं आते और आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक वे शव नहीं उठाने देंगे।
मृतक के बड़े भाई भोला पासवान ने बताया कि गांव के ही एक व्यक्ति से उनका जमीनी विवाद चल रहा था, जिसकी शिकायत मंगलवार को थाना में भी की गई थी। आरोप है कि उसी रंजिश में यह हत्या की गई है।
परिजनों की मांग थी कि आरोपी की गिरफ्तारी कर उसे कड़ी सजा दी जाए, मृतक के परिजनों को सरकारी नौकरी, आर्थिक मुआवजा तथा बच्चों की पढ़ाई की व्यवस्था की जाए।
मौके पर पहुंचे सदर एसडीओ संजय कुमार ने परिजनों को आश्वासन दिया कि अनुसूचित जाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मृतक के परिजनों को ₹8,25,000 की सहायता राशि, पारिवारिक लाभ, अंबेडकर आवास, विधवा पेंशन एवं बच्चों की पढ़ाई हेतु हर महीने ₹4,000 सहित अन्य सरकारी लाभ दिए जाएंगे।
गढ़वा एसपी राहुल देव बड़ाइक ने कहा कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा और उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि प्रशासन ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई करे।
एसडीओ के आश्वासन के बाद परिजनों ने शव को अंत्यपरीक्षण हेतु पुलिस को सौंप दिया।
मौके पर गढ़वा डीएसपी नीरज कुमार, नगर अनुमंडल डीएसपी, इंस्पेक्टर सुनील कुमार तिवारी, कांडी थाना प्रभारी अविनाश राज, पूर्व थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम, एसआई विद्यासागर, भाजपा नेता ईश्वर सागर चंद्रवंशी, जिला परिषद सदस्य नेहा देवी, प्रतिनिधि दिनेश राम, मुखिया ललित बैठा, अरुण राम, आजाद समाज पार्टी नेता सिराज अहमद खान, लवकुश कुमार सहित कई अन्य लोग मौजूद थे।











