Location: Shree banshidhar nagar
बंशीधर नगर
पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष भानु प्रताप शाही ने भवनाथपुर पावर प्लांट को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान देते हुए विधायक अनंत प्रताप देव को सीधी चुनौती दी है। शुक्रवार को जंगीपुर स्थित सिद्धि होटल में पत्रकारों से बातचीत के दौरान श्री शाही ने कहा कि यदि वर्ष 2029 तक भवनाथपुर में पावर प्लांट से धुआं निकलने लगता है तो वे स्वयं 2029 का विधानसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। वहीं यदि 2029 तक पावर प्लांट शुरू नहीं हुआ, तो बाबा बंशीधर जी की सौगंध है कि विधायक अनंत प्रताप देव और उनके पुत्र भी चुनाव नहीं लड़ेंगे।
भानु प्रताप शाही ने आरोप लगाया कि विधायक अनंत प्रताप देव चुनाव के समय किए गए पावर प्लांट के वादे को भूल चुके हैं और अपनी विफलताओं को छिपाने के लिए उन पर बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 से 2025 तक अनंत प्रताप देव सत्ता में या सत्ताधारी दल में रहे, इसके बावजूद क्षेत्र को कोई ठोस उपलब्धि नहीं मिल सकी।
श्री शाही ने कहा कि विधायक के वर्तमान कार्यकाल का एक साल एक माह बीत जाने के बाद भी वे न तो अपनी अनुशंसा से और न ही राज्य सरकार से कोई नई योजना क्षेत्र में ला सके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक केवल पूर्व की योजनाओं का शिलान्यास कर वाहवाही लूट रहे हैं। क्षेत्र में विकास पूरी तरह ठप है और बेरोजगारी के कारण पलायन लगातार बढ़ रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अनंत प्रताप देव देश के इकलौते ऐसे विधायक हैं जो विधानसभा में क्षेत्र की गंभीर समस्याएं उठाने के बजाय कंबल और अलाव के लिए गिड़गिड़ाते नजर आते हैं, वह भी बिना किसी परिणाम के। ठंड लगभग समाप्त हो चुकी है, लेकिन न गरीबों को कंबल मिला और न ही सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की समुचित व्यवस्था हो पाई।
भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए भानु शाही ने कहा कि प्रखंडों में बिना पैसा दिए कोई काम नहीं हो रहा है। अफसर और पुलिस विधायक की बात तक नहीं सुनते। उन्होंने कनहर, सोन और पंडा नदी से बालू कारोबार में संलिप्तता का भी आरोप लगाया। साथ ही यह भी कहा कि 15वीं वित्त आयोग और नगर पंचायत की योजनाओं का शिलान्यास विधायक अपनी उपलब्धि बताकर कर रहे हैं।
इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि मुकेश चौबे, शैलेश चौबे, लक्ष्मण राम, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष विकास पांडेय, शहरी मंडल अध्यक्ष कुमार कनिष्क, उमेश कश्यप, ओमप्रकाश गुप्ता, मुना तिवारी, चंदन पांडेय सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।











