Location: Garhwa
मझिआंव/गढ़वा (प्रतिनिधि): भाजपा जिला मीडिया प्रभारी रितेश चौबे ने झारखंड की झामुमो सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए बिजली बिल में बढ़ोतरी को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए हैं।
रितेश चौबे ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की ओर से लगातार जनता के मुद्दों को उठाया जा रहा है, जबकि झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार जनता के साथ धोखा कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार फ्री बिजली देने के वादे के साथ सत्ता में आई थी, लेकिन अब बिजली दरों में वृद्धि कर गरीब जनता पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य की जनता पहले से ही गरीबी और बेरोजगारी से जूझ रही है, ऐसे में बिजली बिल में बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी है। चौबे ने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई बढ़ाकर आम लोगों की कमर तोड़ रही है।
भाजपा नेता ने कहा कि राज्य में जनता को अपेक्षित सुविधाएं नहीं मिल रही हैं, जबकि टैक्स का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है। उन्होंने सरकार को जनविरोधी बताते हुए कहा कि उसे जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।
चौबे ने यह भी कहा कि हेमंत सोरेन स्वयं बिजली विभाग अपने पास रखे हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद विभाग की स्थिति में सुधार नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि बिजली विभाग में आधारभूत सुविधाओं का अभाव है और लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए भी दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
अंत में उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं तथा सरकार जनता से सिर्फ वसूली करने में लगी हुई है।











