Location: Manjhiaon
मझिआंव (गढ़वा)।
बरडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत मझिआंव–बरडीहा मुख्य मार्ग पर बभनी गांव के पास बुधवार की सुबह करीब 6 बजे बालू लदे ट्रैक्टर ने एक टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में टेंपो पर सवार चार यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को थाना की गाड़ी से तत्काल इलाज के लिए रेफरल अस्पताल मझिआंव भेजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल मथुरा रजवार की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर मझिआंव थाना क्षेत्र के बुढ़ी खाड़ गांव निवासी अखिलेश यादव का है, जो बालू लादकर मझिआंव की ओर से बरडीहा जा रहा था। वहीं टेंपो पर सवार यात्री बरडीहा गांव निवासी श्रवण सोनी के यहां आए हुए थे और उंटारी रोड स्टेशन से ट्रेन पकड़ने जा रहे थे।
घायलों में बिहार के डेहरी निवासी सोनी देवी, उनके पति पिंटू सोनी, रोहित सोनी तथा सलगा गांव निवासी मथुरा रजवार शामिल हैं। बताया गया कि सुबह धुंध होने के कारण ट्रैक्टर ने टेंपो में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
दुर्घटना के बाद ट्रैक्टर चालक ट्रॉली को मौके पर छोड़कर इंजन लेकर फरार हो गया, जबकि टेंपो चालक भी घटनास्थल से भाग निकला। टक्कर से टेंपो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, वहीं बालू लदी ट्रैक्टर-टॉली पलट गई।
पुलिस ने जेसीबी मशीन की मदद से ट्रॉली को हटवाकर टेंपो और ट्रॉली को जब्त कर थाना ले गई। टेंपो चालक की पहचान पलामू जिले के उंटारी रोड थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंढ़हा गांव निवासी शुभम सिंह के रूप में की गई है। मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











