Location: Manjhiaon
मझिआंव (प्रतिनिधि):
बरडीहा थाना क्षेत्र के सरसतिया गांव में मंगलवार को खेत जुताई के दौरान ट्रैक्टर पलटने से एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी शेख सलीम के लगभग 19 वर्षीय पुत्र शेख शेख ईख के रूप में हुई है।
मंगलवार की दोपहर करीब दो से तीन बजे के बीच युवक अपने ही खेत में खुद का ट्रैक्टर चला रहा था। इसी दौरान ट्रैक्टर असंतुलित होकर पलट गया, जिससे वह दब गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरडीहा थाना प्रभारी ऋषिकेश कुमार सिंह ने पुलिस पदाधिकारी को घटनास्थल पर भेजा। हालांकि मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि यह दुर्घटना खेत में हल चलाते समय हुई, और उन्होंने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
थाना प्रभारी श्री सिंह ने बताया कि परिजनों की सहमति के बाद शव को उनके हवाले कर दिया गया। बुधवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा।











