Location: Shree banshidhar nagar

बंशीधर नगर (गढ़वा): प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार गढ़वा के अध्यक्ष नलिन कुमार के सेवानिवृत्त होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को बार एसोसिएशन और व्यवहार न्यायालय के कर्मियों द्वारा भावभीन विदाई समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगर उंटारी व्यवहार न्यायालय परिसर में हुई, जहां बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ब्रजेश कुमार चौबे ने पीडीजे नलिन कुमार का बुके और उपहार देकर स्वागत किया। इसके बाद अधिवक्ताओं और कर्मियों द्वारा एक-एक कर माल्यार्पण कर उन्हें सम्मानित किया गया।
न्यायिक पदाधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में एडीजे-1 संजय कुमार सिंह, एडीजे-2 मनोज कुमार त्रिपाठी, एसीजेएम अरविंद कच्छप, सिविल जज (सीनियर डिवीजन) कमलेश बेहरा व राकेश रौशन, एसडीजेएम सह अनुमंडलीय विधिक सेवा समिति के सचिव आलोक ओझा, न्यायिक दंडाधिकारी शैलेंद्र कुमार नापित और रजिस्ट्रार महेंद्र पंडित सहित अन्य पदाधिकारियों ने नलिन कुमार को माला पहनाकर विदाई दी।
इस दौरान न्यायालय कर्मियों—शैलेश कुमार तिवारी, भृगु राम, आलोक कुमार, नाजीर रवि किशोर सिंह और कन्हैया कुमार ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर और बाबा बंशीधर मंदिर की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया।
विदाई भाषण में पीडीजे ने साझा किया अनुभव
अपने विदाई संबोधन में पीडीजे नलिन कुमार ने कहा कि उन्होंने 7 सितंबर 2024 को गढ़वा के प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के रूप में कार्यभार ग्रहण किया था। लगभग 10 माह के कार्यकाल में उन्होंने बार और बेंच के सामंजस्य को सराहा और कहा कि इससे केसों के निष्पादन में बड़ी सहूलियत मिलती है।
उन्होंने नगर उंटारी व्यवहार न्यायालय की कार्यप्रणाली की प्रशंसा करते हुए कहा कि यहां न्यायिक कर्मियों का कार्य अत्यंत सराहनीय रहा है। उन्होंने कर्मियों से आग्रह किया कि “जहां भी रहें, मन लगाकर काम करें। स्थानांतरण को दंड नहीं, बल्कि सेवा का अवसर समझें।”
अपने अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा, “नौकरी में रिटायरमेंट तय होता है, लेकिन जीवन का रिटायरमेंट कब होगा कोई नहीं जानता। इसलिए हर दिन को ईमानदारी से जिएं और कर्मनिष्ठ रहें।”
कार्यक्रम में अनेक अधिवक्ता, न्यायिक पदाधिकारी और न्यायालय कर्मी उपस्थित रहे।











