Location: Ramana
रमना प्रतिनिधि:
रांची–वाराणसी फोरलेन पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में टंडवा निवासी सूरज कुमार पासवान (28 वर्ष) पुत्र शंकर पासवान की मौत हो गई। बताया गया कि मध्य विद्यालय बहियार खुर्द के पास एक अज्ञात वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना रमना थाना पुलिस को दी। पुलिस ने गंभीर अवस्था में घायल सूरज को गढ़वा सदर अस्पताल भेजवाया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की खबर मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब बारह बजे आक्रोशित स्वजन व ग्रामीणों ने शव को टंडवा मोड़ फोरलेन पर रखकर आवागमन बाधित कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपये मुआवजा, सरकारी नौकरी और आवास उपलब्ध कराने की मांग की।
सूचना पर सीओ विकास पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। प्रशासन की ओर से आश्वासन दिए जाने के बाद करीब एक बजे जाम हटाया गया।
मौके पर विधायक प्रतिनिधि रोहित कुमार वर्मा, झामुमो प्रखंड अध्यक्ष विशेश्वर मेहता, अनुमंडल अध्यक्ष मुक्तेश्वर पांडेय, पूर्व मुखिया गुलाम अली समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।











