Location: Garhwa
गढ़वा : चेंबर ऑफ कॉमर्स गढ़वा इकाई के तत्वावधान में शनिवार को पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन डॉ. अशोक केशरी के जन्मदिवस के अवसर पर किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक अमन कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान फलदार और छायादार पौधे लगाए गए। इस मौके पर एसपी अमन कुमार ने कहा, “पर्यावरण को सुरक्षित रखने में पेड़-पौधों का अहम योगदान है। जब हम प्रकृति के करीब होते हैं, तो खुद के भी करीब होते हैं।” उन्होंने पेड़ों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि जीव-जंतुओं और पक्षियों का भी आश्रय स्थल हैं।
चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष बबलू पटवा ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या और प्रदूषण को देखते हुए पौधारोपण समय की मांग है। हर व्यक्ति को विशेष अवसरों पर पौधारोपण जरूर करना चाहिए।
पौधारोपण कार्यक्रम के बाद यातायात पुलिसकर्मियों के बीच रैनकोट और छाता का वितरण भी किया गया, जिससे उनकी बरसात के मौसम में ड्यूटी सुविधा जनक हो सके।
मौके पर डॉ. पातंजली केशरी, ज्योति प्रकाश, राकेश पाल, पूनम कांस्यकार, संतोष कुमार सहित कई अन्य लोग उपस्थित थे।















