Location: Manjhiaon
:
मझिआंव प्रतिनिधि। थाना क्षेत्र के मझिआंव मेन बाजार में सोमवार की रात करीब 10 बजे एक बड़ी घटना होते-होते टल गई। किराना व्यवसायी संजीव कुमार गुप्ता की दुकान में पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास करते हुए एक युवक को स्थानीय व्यवसायियों ने रंगेहाथ पकड़ लिया।
बताया जाता है कि युवक ने दुकान में पेट्रोल छिड़ककर माचिस जलाकर आग लगाने की कोशिश की। इसी दौरान आसपास के व्यवसायियों ने उसे पकड़ लिया और तत्काल आग पर काबू पाते हुए पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी दिलशाद खलीफा को पेट्रोल की बोतल और माचिस के साथ गिरफ्तार कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मामला दर्ज कर उसे गढ़वा जेल भेज दिया।
इस संबंध में दुकानदार की पत्नी बसंती देवी ने थाने में नामजद प्राथमिकी दर्ज कराते हुए दिलशाद खलीफा के साथ उसके भाई शमशाद खलीफा और रुखसाद खलीफा को भी इस घटना में शामिल बताते हुए कार्रवाई की मांग की है। आवेदन में बताया गया कि वह रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चली गई थीं, जिसके करीब एक घंटे बाद दुकान में आग लगाने की सूचना मिली।
घटना के कारणों को लेकर दुकानदार संजीव कुमार गुप्ता ने बताया कि कुछ दिन पहले आरोपी युवक शराब के नशे में दुकान पर आया था और कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व मारपीट करने लगा था। उसी विवाद के प्रतिशोध में उसने यह कदम उठाया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी पहले भी दुकान में आग लगाने का प्रयास कर चुका था, लेकिन उस समय प्राथमिकी दर्ज नहीं होने के कारण उस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई थी। व्यवसायियों का कहना है कि यदि इस बार आग लग जाती तो आसपास की आधा दर्जन से अधिक दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो सकता था।
घटना के बाद इलाके के व्यवसायियों में दहशत के साथ आक्रोश भी देखा जा रहा है। व्यवसायियों ने चेतावनी दी थी कि यदि आरोपी पर कार्रवाई नहीं होती तो वे आंदोलन करेंगे। हालांकि थाना पुलिस की त्वरित कार्रवाई से मामला शांत हो गया।
थाना प्रभारी ओम प्रकाश टोप्पो ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है।











