Location: भंडरिया
मेदिनीनगर (पलामू): पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी (भा.पु.से.) ने शुक्रवार को ब्लॉक-बी स्थित सभागार में जिले की मासिक अपराध गोष्ठी की अध्यक्षता की। गोष्ठी में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी एवं शाखा प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में अपराध नियंत्रण, कांडों के अनुसंधान में तेजी, अपराधियों पर निगरानी, गश्ती व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के लिए क्यूआर कोड स्कैन प्रणाली, लंबित वारंट एवं कुर्की के निष्पादन, लंबित कांडों के शीघ्र निष्पादन, मादक पदार्थों की अवैध खरीद-बिक्री पर रोक, डायल-112 सेवा तथा बीट पुलिसिंग की समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने पूर्व माह में दिए गए निर्देशों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने विगत 10 वर्षों में जेल से रिहा हुए अपराधियों, विशेषकर लूट, डकैती, आर्म्स एक्ट, चोरी और गृहभेदन के आरोपियों का सत्यापन एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
एसपी ने कहा कि आगामी माह की अपराध गोष्ठी में इन सभी बिंदुओं की दोबारा समीक्षा की जाएगी। साथ ही सभी थाना प्रभारियों को प्रतिदिन अपने अधीनस्थ पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर कार्यों की नियमित समीक्षा एवं प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।











