Location: Manjhiaon
मझिआंव/बरडीहा (गढ़वा): बरडीहा प्रखंड के उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लेभरी में मध्याह्न भोजन (एमडीएम) में उपयोग किए जा रहे तेल में मिलावट की शिकायत मिलने पर शुक्रवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सह अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह ने औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय परिसर में हड़कंप मच गया। बीडीओ ने बताया कि छापेमारी के दौरान विद्यालय प्रबंधन द्वारा कथित रूप से संदिग्ध तेल को छिपाने का प्रयास किया गया, लेकिन टीम ने उसे जब्त कर लिया।
मामले की सूचना जिला प्रशासन को दी गई। बीडीओ ने बताया कि मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी को शिकायत भेजने के बाद एसीएमओ के निर्देश पर फूड इंस्पेक्टर अनिरुद्ध राय मौके पर पहुंचे और संदिग्ध तेल का नमूना लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने विद्यालय प्रबंधन समिति और विद्यालय प्रशासन को निर्देश दिया कि एमडीएम से संबंधित खाद्य सामग्री किसी भी स्थिति में संयोजिका के घर नहीं रखी जाएगी। सभी खाद्य सामग्री विद्यालय के स्टोर में ही सुरक्षित रखी जाएगी तथा शिक्षकों की उपस्थिति में ही भोजन बनाने के लिए सामग्री निकाली जाएगी।
बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने कहा कि यदि जांच में तेल में मिलावट की पुष्टि होती है तो विद्यालय प्रबंधन समिति के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधन समितियों और प्रधानाध्यापकों को चेतावनी दी कि भविष्य में इस प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि विद्यालयों में इस तरह की औचक जांच आगे भी लगातार जारी रहेगी।











