Location: पलामू
:
पलामू
पाटन थाना क्षेत्र के बरसैता गांव में शनिवार की रात प्रीति देवी (22) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। पति सुनील पासवान (28) पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
मृतका के पिता किरानी पासवान ने पुलिस को दिए फर्द बयान में आरोप लगाया है कि उनकी बेटी की हत्या सुनील पासवान ने की है। उन्होंने यह भी बताया कि सुनील का मेदिनीनगर के पंपूकल इलाके की एक महिला से डेढ़ साल से अफेयर चल रहा था, जिसका विरोध प्रीति करती थी। इसी विवाद को लेकर पहले महिला थाना में सुलह भी हुई थी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर भेजा। थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की असली वजह सामने आएगी। प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी प्रकार के बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं।
प्रीति देवी अपने दो छोटे बच्चों के साथ रह रही थीं। दशहरा से कुछ दिन पहले ही वह मायके नानीझरिया से ससुराल बरसैता लौटी थीं।
फर्द बयान में पति सुनील के अलावा ससुर, सास, गोतनी और प्रेमिका को भी हत्या में शामिल बताया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।











