Location: Bhavnathpur
भवनाथपुर: कैलान गांव स्थित नावानगर जंगल में अवैध पेड़ कटाई पर वन विभाग ने कार्रवाई की है। मंगलवार को वनरक्षी सुनील राय व दयाशंकर सिंह के नेतृत्व में टीम ने अभियान चलाकर माफियाओं द्वारा काटे गए सखुआ, सीधा और चिलबिल की लकड़ियां जब्त कीं। जब्त लकड़ियों को ट्रैक्टर से रेंज कार्यालय लाया गया।
कार्रवाई के दौरान जंगल में बनाए जा रहे एक अधनिर्मित कच्चे मकान को भी ध्वस्त कर दिया गया। वन विभाग ने स्पष्ट किया कि जंगल में अवैध कटाई और अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रेंजर प्रमोद कुमार ने बताया कि चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और अन्य की पहचान की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
स्थानीय वन समिति ने जंगल की सुरक्षा के लिए अभियान तेज करने का संकल्प लिया है। ग्रामीणों ने भी विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की और सहयोग का आश्वासन दिया।











